मौसम
उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर होगा सक्रिय, कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज व येलो अलर्ट जारी
सीएन, देहरादून। उत्तराखंड में आज 9 से 11 अगस्त के बीच मानसून एक बार फिर सक्रिय रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून ने विशेष प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस अवधि में राज्य के अधिकांश हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर ने बताया कि चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जबकि देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, नैनीताल और चंपावत जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य सभी जिलों में भी तेज बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की संभावना जताई गई है। 10 अगस्त को देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 11 अगस्त को भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही रहेगा। देहरादून, टिहरी, पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और नैनीताल जिलों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं तेज वर्षा और बिजली गिरने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों ने चेताया है कि इस दौरान कई क्षेत्रों में गंभीर हालात बन सकते हैं। भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने से सड़कें, राजमार्ग और पुल बाधित या क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। नदियों व गदेरों का जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है।


























