मौसम
आज 11 अगस्त को भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए कई जिलों के लिए अलर्ट जारी, मौसम विभाग ने लोगों को किया सतर्क
सीएन, देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड में बारिश का दौर फिलहाल थमता नजर नहीं आ रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। आज 11 अगस्त को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, पौड़ी, चमोली, पिथौरागढ़ और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश होने का पूर्वानुमान है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने और भूस्खलन की घटनाओं का खतरा भी बढ़ सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, 11 अगस्त को देहरादून, पिथौरागढ़, चमोली, चंपावत, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी मौसम खराब रहने की संभावना है। कई स्थानों पर तेज बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की गतिविधियां देखने को मिल सकती है। प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। इस दिन देहरादून, नैनीताल, बागेश्वर और चंपावत में जोरदार बारिश की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें। नदी-नालों के आसपास जाने से बचते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहें। बारिश के कारण भूस्खलन, चट्टान गिरने और मलबा आने से सड़कें, राजमार्ग और पुल प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में यात्रा से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी लेने तथा प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। नैनीताल में बीते दिन से.लगातार बारिश हो रही है। जिस कारण जन जीवन अस्तव्यस्त है। लगभग आधा दर्जन ग्रामीण मार्ग बंद हो गये है। नैनी झील का जल स्तर 8 फीट 5 इंच पर पहुंच गया है। झील को अभी 3 फीट 7 इंच और भरना है। उधर.चमोली जनपद के लीती घाटी में जल सैलाब आने से एक वाहन व एक व्यक्ति की बहने की सूचना है। जबकि एक पुल बहने से सम्पर्क टूट गया है।
























