मौसम
उत्तराखंड में सोमवार को मौसम फिर करवट बदलेगा, चारधाम यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
सीएन, देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड में आज सोमवार को मौसम फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार राज्य के सभी जिलों में कहीं बारिश तो कहीं मौसम शुष्क रहने की संभावना व्यक्त की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 4500 मीटर से भी अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है। मैदानी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों में आकाशीय बिजली चमकने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। चारधाम यात्रा पर निकले यात्रियों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। चारधाम यात्रियों के लिए विशेष अपील जारी करते हुए मौसम विभाग ने 12 और 13 मई को भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी को स्थानीय दिशा-निर्देशों का पालन करना चाहिए। राजधानी देहरादून व नैनीताल में सोमवार को सुबह से ही में बादल छाए रहे और कुछ इलाकों में गर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। देहरादून शहर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस व नैनीताल का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार 12 और 13 मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पिथौरागढ़, बागेश्वर और अन्य स्थानों में वर्षा की संभावना है। सोमवार को नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही बादल छाये रहने से मौसम सुहावना बना हुआ है। नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने मौसम का आनंद उठाया।






































