दुर्घटना
उत्तराखंड : अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी कार, पांच लोगों की मौत
सीएन, नैनीताल/भवाली। निकटवर्ती भवाली क्षेत्र में सेनेटोरियम-रातीघाट बायपास रोड पर गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। ढैला गांव से लगभग 500 मीटर पहले एक महिंद्रा कार (यूपी 32 क्यूयू 1874) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में कुल पांच श्रद्धालु सवार थे। बताया जाता है कि ये कैंची धाम दर्शनों के लिए आए थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस टीम तत्काल मौके के लिए रवाना की गई। स्थानीय पुलिस, एसडीआरएफ तथा स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई है, जिनमें दो पुरुष, दो महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और एसएसबी टीम ने सभी शवों को खाई से बाहर निकालकर सड़क तक पहुंचाया। मौके पर एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चन्द्र, क्षेत्राधिकारी रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक प्रकाश मेहरा सहित पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।



































