धर्मक्षेत्र
आज 1 मई 2026 को है बुद्ध पूर्णिमा : भगवान विष्णु ने इसी दिन बुद्ध के रूप में अपना नौवां अवतार लिया
सीएन, नैनीताल। वैशाख महीने की पूर्णिमा का दिन बेहद खास और पवित्र माना जाता है। इसी दिन भगवान बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण हुआ था। इसलिए इस दिन को बुद्ध पूर्णिमा या बुद्ध जयंती के रूप में बड़े श्रद्धा भाव से मनाया जाता है। इस साल यह पर्व 1 मई 2026 को मनाया जा रहा है। बुद्ध पूर्णिमा 2026 इस साल 1 मई को मनाई जा रही है। हिंदू और बौद्ध धर्म दोनों में इस दिन का विशेष महत्व है। मान्यता है कि गौतम बुद्ध का जन्म, ज्ञान प्राप्ति और महापरिनिर्वाण इसी दिन हुआ था। हिंदू धर्म के अनुसार, भगवान विष्णु ने इसी दिन बुद्ध के रूप में अपना नौवां अवतार लिया था। पूर्णिमा तिथि 30 अप्रैल 2026 को रात 9:13 बजे से शुरू होकर 1 मई 2026 को रात 10:53 बजे तक रहेगी। उदयातिथि के अनुसार यह पर्व 1 मई को मनाया जाएगा। इस दिन रवि योग का भी शुभ संयोग बन रहा है, जो पूजा-पाठ और दान-पुण्य के लिए बेहद फलदायी माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह दिन आत्मिक शांति, ज्ञान और मोक्ष का प्रतीक है। इस दिन लोग भगवान बुद्ध के उपदेशों का पालन करते हैं और सत्य, अहिंसा व करुणा के मार्ग पर चलने का संकल्प लेते हैं। इसके साथ ही इस दिन सत्यनारायण कथा, चंद्रमा को अर्घ्य और माता लक्ष्मी की पूजा करने का भी विशेष महत्व है। सुबह स्नान करें, संभव हो तो गंगाजल का प्रयोग करें। घर या मंदिर में भगवान बुद्ध और भगवान विष्णु की पूजा करें।। दीप जलाएं और मंत्रों का जाप करें। सत्यनारायण व्रत और कथा करें। रात में चंद्रमा को अर्घ्य दे। भगवद गीता का पाठ करें, इसे बेहद पुण्यदायी माना गया है। विष्णु सहस्रनाम का जाप करें। दूध और जल से भगवान विष्णु का अभिषेक करें। जरूरतमंदों को भोजन, कपड़े और दान दें। धार्मिक स्थलों जैसे बोध गया की यात्रा भी विशेष फलदायी मानी जाती है।



































