नैनीताल
उत्तराखंड सरकार के मंत्री दिनेश आर्य ने मेट्रोपोल पार्किंग का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति एवं गुणवत्ता का लिया जायजा
सीएन, नैनीताल। मुख्यालय नैनीताल में निर्माणाधीन मेट्रोपोल पार्किंग का उपाध्यक्ष, पेयजल अनुश्रवण परिषद, उत्तराखंड सरकार दिनेश आर्य ने विभागीय अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं परियोजना से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पेयजल निर्माण निगम द्वारा लगभग ₹42 करोड़ की लागत से निर्मित की जा रही यह महत्वाकांक्षी परियोजना नैनीताल की पार्किंग एवं यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। प्रस्तावित पार्किंग की क्षमता 605 चार पहिया एवं 202 दोपहिया वाहनों की होगी। परियोजना को 18 माह की निर्धारित समयावधि में पूर्ण किया जाना है, जिसमें से अब तक दो माह का कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के अंतर्गत चीना बाबा से मस्जिद चौराहे तक सड़क को 9 से 12 मीटर तक चौड़ा किया जाना भी प्रस्तावित है। इससे क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने तथा आवागमन को अधिक सुगम एवं व्यवस्थित बनाने में मदद मिलेगी। इस अवसर पर श्री दिनेश आर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी जी के कुशल नेतृत्व एवं दूरदर्शी सोच के अनुरूप राज्य सरकार नैनीताल जैसे महत्वपूर्ण पर्यटन स्थल के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। मेट्रोपोल पार्किंग परियोजना शहर की लंबे समय से चली आ रही पार्किंग समस्या के समाधान के साथ-साथ यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और नैनीताल के सुनियोजित विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की, वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद पडियार डीएससी महासचिव मनोज जोशी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष श्रीमती अमिता शाह वरिष्ठ भाजपा नेत्री जीवंती भट्ट, महिला मोर्चा महामंत्री मीरा बिष्ट, नगर उपाध्यक्ष मोहित शाह, भूपेंद्र बिष्ट, रोहित भाटिया सहित विभागीय अधिकारी, पत्रकार बंधु एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।





























