नैनीताल
भाजपा सांसद कंगना रनौत के बयान पर सियासी बवाल, पीसीसी सदस्य खष्टी बिष्ट ने जताई कड़ी आपत्ति
सीएन, नैनीताल। देशभर में छात्रों के कथित पेपर लीक मामलों को लेकर चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच भाजपा सांसद कंगना रनौत के एक बयान पर राजनीतिक विवाद तेज हो गया है। पीसीसी सदस्य खष्टी बिष्ट ने कंगना रनौत की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे छात्रों का अपमान बताया। खष्टी बिष्ट ने कहा कि अपने अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे छात्रों को “गटरछाप”, “अश्लील” और “अनैतिक” जैसे शब्दों से संबोधित करना बेहद शर्मनाक है। उनका कहना था कि लोकतंत्र में अपनी मांगों और अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और छात्रों के आंदोलन को इसी दृष्टि से देखा जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि कोई भी बच्चा अपने माता-पिता पर बोझ नहीं होता। बिष्ट के अनुसार, छात्रों के अभिभावकों को “कंजरवेटिव” बताना गैर-जिम्मेदाराना और निम्नस्तरीय राजनीति का परिचायक है। सरकार पर निशाना साधते हुए खष्टी बिष्ट ने कहा कि यदि आज युवा सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं, तो इसके पीछे सरकार की नीतियों की विफलता जिम्मेदार है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम करने में असफल रही है, जिसके कारण युवाओं में असंतोष बढ़ा है।























