पर्यावरण
भवाली सैनिटोरियम में ऑल इंडिया वूमेन कॉन्फ्रेंस द्वारा वृहद वृक्षारोपण अभियान आयोजित
सीएन, भवाली/नैनीताल। हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए ऑल इंडिया वूमेन कॉन्फ्रेंस की ओर से बुधवार को भवाली सैनिटोरियम परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय लोगों एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर बड़ी संख्या में पौधे रोपे। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता एवं लेक सिटी वेलफेयर क्लब के अध्यक्ष खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने बताया कि सावन माह में प्रत्येक वर्ष पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान चलाया जाता है, जो लगातार वर्षों से जारी है। कार्यक्रम के दौरान उत्तीस, पाँगर, अमरूद, चीड़, देवदार और तेजपात सहित कई उपयोगी एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण पौधे लगाए गए। श्रीमती खष्टी बिष्ट ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित बनाए रखते हैं, बल्कि जल संरक्षण, स्वच्छ वायु और जैव विविधता को भी बढ़ावा देते हैं। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल का संकल्प भी लेना चाहिए। आयोजकों ने सभी उपस्थित लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख करने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। ऑल इंडिया वूमेन कांफ्रेंस भवाली अध्यक्ष खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में वृहद वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर माया पंत, सुमन आर्य, ज्योति साह, रितू कुमारी, रचना, नीमा पंत, गीता बिष्ट, जानकी आर्या, धनी दुमका, आसमा परवीन, सुजान रजवार, एसएस बिष्ट, पंकज कुमार आदि उपस्थित थे।























