राजनीति
भाजपा की केंद्र तथा राज्य सरकारों की नाकामी से महगाई बेलगाम, जनता त्रस्त, बेरोजगारों में भारी असंतोष : खष्टी बिष्ट
सीएन,भवाली/नैनीताल। महिला कांग्रेस की.जिला अध्यक्ष व वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री खष्टी बिष्ट ने सुरसा की तरह बढ़ती महगाई पर भाजपा की डबल इंजन सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा की केंद्र तथा राज्य सरकारों की नाकामी के चलते महंगाई आसमान छू रही है। यही हाल रहा तो देश कि जनता दाने दाने को मोहताज हो जाएगी। महगाई को ढाल बना कर सत्ता पर काबिज इस मक्कार सरकार से आम जनता अपने आप को ठगी सी महसूस कर रही है। अब यह सुनिश्चित हो चुका है कि उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनावों में महगाई, भ्रष्टाचार व बेरोजगारी से त्रस्त जनता भाजपा को एक सिरे से नकारने जा रही है। यहां पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस नेत्री बिष्ट ने कहा कि केंद्र सरकार एक ओर तो जीडीपी बढ़ने का दावा कर रही है दूसरी ओर जमीनी हकीकत कुछ और ही है, देश के जानेमाने अर्थशास्त्री सरकार के दावों की पोल खोल रहे हैं। जीडीपी को लेकर जनता के बीच सफेद झूठ फैलाया जा रहा है। कांंग्रेस इस झूठ का पर्दाफाश करेगी। आज हालात यह हैं कि देश में बेरोजगारों की फौज खड़ी होते जा रही है, पेट्रोलियम पदार्थों के दाम में लगाम लगाने में सरकार असफल है। गन्ना उत्पादन में देश अग्रणीय होने के बावजूद चीनी की कीमत आसमान छू रही है। दूध, दाल, सब्जी व अन्य तरह के खाद्य पदार्थ में लगातार हो रही मूल्यों मे वृद्धि से आम जनता परेशान है। गृहणियों के चूल्हे का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। बेरोजगारी को लेकर युवाओं में भारी असंतोष है। नक़ल माफिया हावी हैं, घूसखोरी चरम पर है। ऐसे में देश का भला नही हो सकता। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम जनमानस से सरकार कि हर नाकामी का पर्दाफास करने का आह्वान किया तथा जनता से कांंग्रेस की आवाज में आवाज मिलाने कि अपील करते हुए जागरूक रहकर देश के हालत में सुधार लाने का प्रयास करने को कहा।













































