राजनीति
बढ़ा कद : नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य को दी बड़ी जिम्मेदारी, एआईसीसी के सचिव बने, यूपी के सह प्रभारी की भी जिम्मेदारी
सीएन, नई दिल्ली/नैनीताल। कांग्रेस हाईकमान ने संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता और नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी अध्यक्ष की मंजूरी के बाद जारी आदेश में संजीव आर्य को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) का सचिव नियुक्त किया गया है। उन्हें उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी भी बनाया गया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, संजीव आर्य समेत छह नेताओं को उत्तर प्रदेश के लिए एआईसीसी सचिव बनाया गया है। इनके साथ अभिषेक दत्त, कुणाल चौधरी, जगदीश चंदर जांगिड़, वरुण चौधरी और अब्दुल हन्नान को भी नई जिम्मेदारी दी गई है। संजीव आर्य उत्तराखंड कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं और नैनीताल विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। संगठन में उनकी सक्रिय भूमिका और राजनीतिक अनुभव को देखते हुए पार्टी नेतृत्व ने उन्हें देश के सबसे महत्वपूर्ण राज्यों में शामिल उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी है। इसी आदेश में उत्तर प्रदेश प्रभारी के साथ कार्य कर रहे छह निवर्तमान एआईसीसी सचिवों को कार्यमुक्त करते हुए पार्टी ने उनके योगदान की सराहना भी की है। कांग्रेस के इस फैसले को आगामी राजनीतिक रणनीति और संगठन को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी अपनी टीम में जुझारू व युवा नेताओं को शामिल कर लम्बी पारी के लिए ठोस रणनीतिक योजना पर कार्य कर रहे हैं। सूत्रों के अनुसार संजीव आर्य को अखिल भारतीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी दी जा सकती है।






























