उत्तराखण्ड
उत्तराखंड : दो मुंह, चार आंखों व तीन कान वाली बछिया धरती पर आई, देखने को जुटी भीड़
सीएन, हल्द्वानी। महानगर हल्द्वानी के गोरापड़ाव क्षेत्र में एक बेहद दुर्लभ और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गाय ने दो मुंह, चार आंखों और तीन कान वाली बछिया को जन्म दिया है। इस अनोखी बछिया को देखने के लिए आसपास के लोगों की भीड़ जुट रही है। गोरापड़ाव के डी-क्लास क्षेत्र निवासी महेश चंद्र बचकेती और हंसी बचकेती के घर में गाय ने इस दुर्लभ बछिया को जन्म दिया। पशुपालकों के अनुसार प्रसव सामान्य नहीं था और बछिया को बाहर निकालने में काफी कठिनाई हुई।.बछिया के दो मुंह होने के कारण उसे गर्दन संभालने और अपने शरीर का भार उठाने में परेशानी हो रही है। हालांकि राहत की बात यह है कि जन्म के बाद उसकी स्थिति सामान्य बनी हुई है और वह दूध भी पी रही है। वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आरके पाठक के अनुसार ने पशु चिकित्सा विज्ञान में इस प्रकार की स्थिति को ‘पालीसिफेली’ कहा जाता है। यह तब होता है जब गर्भावस्था के दौरान भ्रूण (एम्ब्रियो) का विभाजन पूरी तरह नहीं हो पाता। इसके परिणामस्वरूप शरीर एक ही रहता है, लेकिन सिर दो विकसित हो जाते हैं। पालीसिफेली एक दुर्लभ जन्मजात विकृति है, जिसमें किसी जीव के एक से अधिक सिर विकसित हो जाते हैं। यह स्थिति भ्रूण के पूर्ण रूप से विभाजित न होने के कारण उत्पन्न होती है। ऐसे मामले बेहद कम देखने को मिलते हैं और अधिकांश पशुओं के लिए लंबे समय तक जीवित रह पाना चुनौतीपूर्ण होता है।



































