क्राइम
पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या की, आरोपी खुद पुलिस के पास पहुंचा
सीएन, पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ मुख्यालय से करीब 70 किलोमीटर दूर नेपाल सीमा पर बसे द्वालीसेरा में रात हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक पति ने कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद ही पुलिस चेक पोस्ट पर पहुंचा और पत्नी की हत्या करने की सूचना दी। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया हत्या की पीछे पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद होना सामने आया है। मृतका आशा कार्यकर्ता थी। द्वालीसेरा निवासी भुवन प्रसाद बुधवार रात पत्नी 42 वर्षीय गीता देवी के साथ गांव के एक युवक के मेहंदी कार्यक्रम में शामिल होने गया था। देर रात दो बजे वापस घर पहुंचने पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इस बीच गुस्से में आकर भुवन ने घर पर रखी कुल्हाड़ी से हमला कर पत्नी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खुद ही अस्कोट के चेक पोस्ट पर पहुंचा। रात में ही अस्कोट थाने से एक टीम घटनास्थल पहुंची। गुरुवार को पुलिसकर्मियों ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के पिता गोपाल राम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीओ केएस रावत ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है












































