क्राइम
उत्तराखंड : प्रधानाचार्य की स्कूल के ही बाबू ने चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर डाली, आरोपी फरार
सीएन, बागेश्वर। उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां के राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला में तैनात प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा (55) की स्कूल के ही बाबू (क्लर्क) ने चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर डाली। आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। हत्या की वारदात के बाद स्कूल की छुट्टी कर दी गई। जबकि घटना के विरोध में स्कूल शिक्षकों में आक्रोश है। जानकारी के अनुसार सैंज निवासी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा शनिवार सुबह रोजाना की तरह स्कूल के लिए निकले थे। वह मुख्य सड़क तक अपने वाहन से पहुंचे और वहां से पैदल विद्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विद्यालय जाने वाले रास्ते में पहले से मौजूद विद्यालय के बाबू ने उन पर अचानक चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि प्रधानाचार्य लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तत्काल उनके परिजनों को सूचना दी और उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। हत्या के पीछे वेतन संबंधी मामला बताया जा रहा है।























