Connect with us

नैनीताल

नंदा देवी महोत्सव को लेकर भवाली में यातायात डायवर्जन, भारी व यात्री वाहनों की रहेगी नो एंट्री

सीएन,भवाली/नैनीताल। माँ नंदा देवी महोत्सव के तहत 16 सितंबर को कदली वृक्ष स्थापना दिवस तथा 23 सितंबर को डोला विसर्जन एवं झांकी के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने भवाली क्षेत्र के लिए यातायात डायवर्जन प्लान जारी किया है। दोनों तिथियों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भवाली बाजार क्षेत्र में भारी एवं यात्री वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। रामगढ़ और घोड़ाखाल की ओर से आने वाले ऐसे वाहन, जिन्हें मैदानी क्षेत्रों अथवा नैनीताल की ओर जाना है, उन्हें आवश्यकता के अनुसार श्यामखेत से डायवर्ट कर घोड़ाखाल मंदिर, घोड़ाखाल तिराहा और नैनी बैंड प्रथम होते हुए गंतव्य की ओर भेजा जाएगा। वहीं खैरना और कैंची की ओर से आने वाले वाहनों को शिप्रा पुल भवाली से सैनेटोरियम बाईपास मोटर मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। मुक्तेश्वर एवं भीमताल जाने वाले वाहनों को यातायात की स्थिति के अनुसार नैनी बैंड द्वितीय-नैनी बैंड प्रथम मार्ग से संचालित किया जाएगा। ज्योलीकोट और नैनीताल की ओर से अल्मोड़ा, रानीखेत जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड द्वितीय से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल भवाली की ओर भेजा जाएगा। भीमताल की ओर से आने वाले अल्मोड़ा, रानीखेत अथवा कैंची धाम जाने वाले वाहनों को नैनी बैंड प्रथम से सैनेटोरियम बाईपास होते हुए शिप्रा पुल की ओर भेजा जाएगा। यातायात डायवर्जन के दौरान एम्बुलेंस, अग्निशमन वाहन, पुलिस वाहन, आपदा राहत एवं बचाव दल तथा दूध, खाद्य सामग्री और अन्य आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों के लिए सुरक्षित एवं निर्बाध मार्ग उपलब्ध कराया जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से नगरपालिका मैदान भवाली और रोडवेज पार्किंग भवाली में ही वाहन पार्क करने की अपील की है। मुख्य बाजार एवं आयोजन स्थल के आसपास सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। भीड़ और यातायात का दबाव बढ़ने पर आवश्यकता के अनुसार यातायात को चरणबद्ध तरीके से रोकने अथवा डायवर्ट करने की व्यवस्था भी की जाएगी। नैनीताल पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करने तथा अनावश्यक रूप से भवाली बाजार में प्रवेश नहीं करने की अपील की है। डायवर्जन प्वाइंट, प्रमुख तिराहों-चौराहों, आयोजन स्थल, पार्किंग स्थलों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस एवं यातायात बल तैनात रहेगा। यह यातायात व्यवस्था 16 एवं 23 सितंबर 2026 को कार्यक्रम और भीड़ की स्थिति के अनुसार प्रभावी रहेगी। वास्तविक यातायात परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस द्वारा आवश्यकता के अनुसार इसमें आंशिक संशोधन अथवा अतिरिक्त डायवर्जन भी लागू किया जा सकता है

More in नैनीताल

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING