उत्तराखण्ड
15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम’ में शामिल होगी अल्मोड़ा की गर्विता
सीएन, अल्मोड़ा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले प्रतिष्ठित ‘एट होम’ समारोह के लिए उत्तराखंड की गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। अल्मोड़ा की रहने वाली गर्विता राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं और इस सम्मानित आयोजन में राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगी। अल्मोड़ा के लोअर माल रोड निवासी गर्विता भाकुनी का चयन देशभर से चुने गए केवल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स में हुआ है। इस सूची में उत्तराखंड के अलावा कर्नाटक, मध्य प्रदेश, मिजोरम और नागालैंड से एक-एक कैडेट को शामिल किया गया है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गर्विता को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपदा की स्थिति में स्थानीय समुदाय सबसे पहले राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय होता है और प्रशिक्षित युवाओं का मजबूत नेटवर्क ऐसे समय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।सचिव, आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखंड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें से अब तक लगभग 2,700 युवा आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, सुरक्षित निकासी और सामुदायिक जागरूकता का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं। गर्विता भाकुनी ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रपति भवन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान का क्षण है। उन्होंने इस अवसर को राज्य और युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।























