उत्तराखण्ड
सांसद भट्ट को सरकार ने शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी
नई दिल्ली/हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट द्वारा लोकसभा में पूछे गए अतारांकित प्रश्न संख्या-2355 के उत्तर में केंद्र सरकार ने केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों तथा केंद्रीय विश्वविद्यालयों में रिक्त शिक्षण पदों की स्थिति, भर्ती प्रक्रिया और शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। केंद्र सरकार ने बताया कि केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस), नवोदय विद्यालय समिति (एनवीएस) तथा केंद्रीय विश्वविद्यालयों में शिक्षकों की भर्ती संबंधित संस्थाओं के नियमों के अनुसार की जाती है। रिक्तियां पदोन्नति, सेवानिवृत्ति, त्यागपत्र, नए संस्थानों की स्थापना और छात्र संख्या बढ़ने जैसे कारणों से उत्पन्न होती हैं तथा उन्हें नियमानुसार भरा जाता है। सरकार के अनुसार सितंबर 2022 से जुलाई 2025 के बीच केवीएस में शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों पर 12,867 नियुक्ति प्रस्ताव जारी किए गए। वहीं 2022-23 से दिसंबर 2025 तक नवोदय विद्यालय समिति में 2,341 पदों पर सीधी भर्ती की गई। इसके अतिरिक्त नवंबर 2025 में केवीएस के 8,714 तथा एनवीएस के 5,045 शिक्षण पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई, जिनकी परीक्षाएं जनवरी और मार्च 2026 में आयोजित की गईं।




























