उत्तराखण्ड
देश का 80 वां स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया, प्रभारी मंत्री ने फहराया ध्वज
सीएन, नैनीताल। देश का 80 वाँ स्वतंत्रता दिवस जनपद नैनीताल में धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय नैनीताल के कलेक्ट्रेट परिसर में भव्य मुख्य समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के प्रभारी मंत्री खजान दास मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कलेक्ट्रेट में राष्ट्रीय गीत एवं ध्वजारोहण और राष्ट्रीय गान के साथ शुरुआत हुई। कलेक्ट्रेट परिसर में जनपद नैनीताल के प्रभारी मंत्री खजान दास ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। समारोह में मंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया, साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में जनपद प्रभारी मंत्री ने सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हम उन वीर शहीदों को नमन करते हैं, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। आज का दिन हमें देश की एकता, अखंडता और बलिदान की याद दिलाता है। राज्य सरकार जनपद के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है। हमारा प्रयास है कि हर गांव तक विकास पहुंचे और हर व्यक्ति आत्मनिर्भर बने। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने और नैनीताल जनपद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया। माननीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरी पारदर्शिता और निष्ठा के साथ कार्य कर रही है। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश को विकास के पथ पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने जनपदवासियों को स्वाधीनता दिवस की बधाई देते हुए कहा कि स्वतंत्रता हमारा अधिकार है। स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में अपने अधिकारों के साथ जीवन जी रहे हैं। हमें राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने के लिए अपने कर्तव्यों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। इस अवसर पर भारतीय शहीद सैनिक विद्यालय के बच्चों द्वारा मनमोहक देश भक्ति गीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। जिन्हें देखकर माननीय मंत्री द्वारा बच्चों को उनकी मनमोहक प्रस्तुति पर 5 हजार रुपए का नकद पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर मंत्री द्वारा सभी उपस्थित जन-समूह को “नशामुक्त भारत” की शपथ भी दिलाई गई। इसके उपरांत मंत्री एवं अन्य जनप्रतिनिधियों प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा तल्लीताल गांधी चौक पंहुचकर पूज्य महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने गाँधी चौक पर ब्यापार मंडल द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में भी प्रतिभाग किया। व्यापार मंडल द्वारा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल,वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, एवं उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को माननीय मंत्री जी के कर कमलों से सम्मानित किया गया।इसके उपरांत मंत्री एवं अन्य के द्वाराअम्बेडकर पार्क में बाबा भीमराव अंबेडकर एवं शहीद मेजर राजेश अधिकारी की प्रतिमा पर फूल एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित किए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर तल्लीताल गांधी चौक से डीएसए मैदान तक तिरंगा रैली का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद प्रभारी मंत्री सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूलों के छात्र छात्राओं, आम जनता द्वारा बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। इस दौरान देश भक्ति नारे लगाए गए। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर वन विभाग द्वारा ठंडी सड़क में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में भी जनपद प्रभारी मंत्री शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री, क्षेत्रीय विधायक, कुमाऊं आयुक्त, जिलाधिकारी सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों अधिकारियों द्वारा विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण किया। इस अवसर पर नैनीताल के मल्लीताल स्थित वोट स्टैंड से नाव रैली निकाली गई जिसमें भी मंत्री एवं अन्य के द्वारा प्रतिभाग किया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नैनीताल में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। जनपद प्रभारी मंत्री द्वारा भी इसमें शामिल होकर स्वच्छता अभियान का नेतृत्व किया। इस अवसर पर विधायक नैनीताल सरिता आर्या, दर्जा राज्य मंत्री दिनेश आर्य, शांति मेहरा, विमला अधिकारी, कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ मंजूनाथ टीसी, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, पुलिस अधीक्षक जगदीश चंद्र, अपर जिला अधिकारी विवेक राय, डीडीओ संतोष पंत, भाजपा प्रदेश कार्यकारी सदस्य गोपाल रावत भाजपा मंडल अध्यक्ष नितिन कार्की,उपाध्यक्ष दया किशन पोखरिया, डीएसए सचिव मनोज जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विभागों के अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में विभिन्न स्थानों में भी अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों में प्रभात फेरी निकाली गई। प्रातः 09 बजे सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रीय गीत एवं राष्ट्रीय गान गाया गया। आयुक्त कुमाऊं एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कमिश्नरी कार्यालय नैनीताल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित मंडल वासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया। विकास भवन भीमताल में मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पांडे ने विकास भवन में राष्ट्रीय ध्वज फहराया,एवं शुभकामनाएं दी। इसके साथ ही सभी कार्यालयों व संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। तथा देशभक्ति गीत,सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम आयोजित करने के साथ ही पौधारोपण कार्यक्रम चलाए गए।











































