उत्तराखण्ड
वीकेंड पर नैनीताल समेत कई पर्यटन स्थलों में सैलानियों का जबरदस्त दबाव, ट्रैफिक प्लान धड़ाम, शहर के नाकों में दलाल हावी, बाहरी लोगों के नीजि भवन भी होटल व होमस्टे में तब्दील
सीएन, नैनीताल। मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए इन दिनों बड़ी संख्या में पर्यटक सरोवर नगरी नैनीताल का रुख कर रहे हैं। वीकेंड पर नैनीताल समेत आसपास के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों का जबरदस्त दबाव देखने को मिल रहा है। अव्यवस्था पूरी तरह हावी है। बीते दो दिनों स पहाड़ों में हो रही बारिश व ओलावृष्टि से तापमान में भारी गिरावट आने से लोगों ने राहत ली है। पुलिस की यातायात का प्लान भी पूरी तरह फेल दिखाई दे रहा है. पहाड़ की सड़कों में वाहनों की अत्यधिक आमद से जगह-जगह जाम से स्थानीय लोग परेशान हैं तो पर्यटन व्यवसायी खुश नजर आ रहे हैं। नैनीताल शहर की माल रोड से लेकर चिड़ियाघर, केव गार्डन, स्नोव्यू, हिमालय दर्शन,.खूर्पाताल आसपास के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक दिनभर सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ी रही है. वहीं बाबा नीम करौली महाराज के कैंचीधाम में भी श्रद्धालुओं का जनसैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है. हर रोज हजारों की संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु कैंचीधाम पहुंच रहे हैं. यहां दिन भर वाहनों के जाम से स्थानीय लोग भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। बारिश के बाद दिन की ठंडी हवाएं और रात का सुहावना मौसम सैलानियों को खासा आकर्षित कर रहा है। मैदानों में जहां गर्मी लोगों को बेहाल कर रही है, वहीं पहाड़ों की ठंडी वादियां पर्यटकों को सुकून और राहत दे रही हैं। पर्यटकों की भारी आमद का असर स्थानीय पर्यटन कारोबार पर भी साफ दिखाई दे रहा है। नैनीताल और आसपास के अधिकांश होटल, गेस्ट हाउस और होमस्टे लगभग फुल चल रहे हैं। नैनीताल सहित कई पर्यटन स्थलों से लगे ग्रामीण क्षेत्रों में बाहरी लोगों के नीजि भवन अवैध रूप से रूप से पर्यटकों को ठहरा रहे हैं। कई स्थानों में अवैध होमस्टे संचालित हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि पर्यटन विभाग को सूचना मिलने के बावजूद कोई कार्रवाई नही हो रही है। शहर ही नही बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों ने पर्यटकों को लेकर पने आवासों में भारी किराया लेकर ठहराना शुरू कर दिया है। लंबे समय बाद पर्यटन कारोबार में आई इस रौनक से होटल व्यवसायियों, रेस्टोरेंट संचालकों, टैक्सी चालकों और छोटे व्यापारियों के चेहरे खिल उठे हैं। हांलाकि पुलिस प्रशासन ने नैनीताल व कैंची धाम में बाहरी प्रदेशों से आने वाले दो पहिया वाहनों को नैनीताल व कैंचीधाम आने पर प्रतिबंध लगाया है। बगैर होटल व पार्किंग बुकिंग के किसी भी पर्यटक वाहनों को शहर से बाहर रोके.जाने का दावा पुलिस कर रही है। लेकिन इस दावे के विपरीत नैनीताल शहर में ऐसे पर्यटक वाहन पुलिस नाकाबंदी के बावजूद पहुंच रहे हैं। कई नाकों में दलाल हावी हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस की मिलीभगत के कारण दलाल बगैर होटल व पार्किंग बुकिंग के पर्यटक वाहनों से पैसा वसूल कर नैनीताल शहर में प्रवेश करा रहे हैं, लिहाजा पूरे शहर में यातायात अव्यवस्था हावी हो रही है। वहीं पर्यटक परेशान होकर भटक रहे हैं। जिम्मेदार विभाग मूकदर्शक बन गये हैं। यह अव्यवस्था पूरे पहाड़ी हिलस्टेशनों की बनी हुई है।









































