मौसम
उत्तराखंड : भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ली, 4 मई तक बारिश, आंधी व बर्फबारी की संभावना, नैनीताल में बारिश से तापमान लुढ़का
सीएन, देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने करवट ले ली है। बुधवार को सुबह से ही नैनीताल सहित कई जिलों में रूक रूक कर हल्की बारिश हो रही है, जिससे तापमान में भारी गिरावट आ गई है। बीती सांय कुमाऊं के बागेश्वर व पिथौरागढ़ के कई हिस्सों में तेज आंधी. के कारण मकानों की छतें उड़ गई। लगभग 12 लोगों के घायल होने की सूचना है। 29 अप्रैल से 4 मई तक प्रदेशभर में बारिश, आंधी और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी भी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। इसके बाद तापमान में फिर से बढ़ोतरी होने की संभावना है।मौसम विज्ञान केंद्र के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, 29 और 30 अप्रैल को उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिलेगी। 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना है। इन दो दिनों के दौरान कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओलावृष्टि, बिजली गिरने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।1 और 2 मई को मौसम में थोड़ी राहत देखने को मिलेगी। पहाड़ी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी रह सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में केवल हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद 3 और 4 मई को एक बार फिर मौसम सक्रिय हो जाएगा। उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे जिलों में कई स्थानों पर बारिश, गरज-चमक और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। राजधानी देहरादून में चिलचिलाती गर्मी से राहत मिली। ठंडी हवाओं, बूंदाबांदी और बादल छाए रहने से तापमान में 3.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई। मंगलवार को दून में पूरे दिन ठंडी हवाएं चलती रहीं। सुबह के वक्त कुछ इलाकों में बूंदाबांदी भी हुई। देर शाम तक बादल छाए रहे और लोगों को गर्मी से राहत मिली। दून में रविवार को जहां अधिकतम तापमान 39 डिग्री के पार पहुंच गया था और सोमवार को 37.9 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं मंगलवार को यह घटकर 34.7 डिग्री रह गया। पर्यटन नगरी नैनीताल व आसपास के क्षेत्रों में बुधवार की सुबह से ही घने बादल छाये रहे। इसके बाद रूक रूक कर हल्की बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आ गई। नैनीताल पहुंचे सैलानियों ने मौसम का आनंद उठाया।












































