दुर्घटना
कार अचानक अनियंत्रित होकर सीधे अलकनंदा नदी में समा गई, सवारियां फिलहाल लापता
सीएन, टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी जनपद में मंगलवार सुबह बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना देवप्रयाग क्षेत्र के अंतर्गत चकासा स्थित गंगा होटल दर्शन के समीप एक कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और सीधे अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई तथा घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे वाहन संख्या यूके टीए 5433 बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग की ओर जा रहा था। इसी दौरान चकासा क्षेत्र में वाहन चालक का नियंत्रण कार से हट गया और कार सड़क से नीचे सैकड़ों फीट गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में जा समाई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन तथा अन्य बचाव दल तत्काल मौके पर पहुंच गए। टीमों द्वारा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। हालांकि अलकनंदा नदी का तेज बहाव और घटनास्थल का दुर्गम भूभाग अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है।
एसडीआरएफ और पुलिस की टीमें नदी किनारे तथा आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। वाहन और उसमें सवार संभावित यात्रियों का पता लगाने के लिए ड्रोन समेत अन्य आधुनिक संसाधनों का भी उपयोग किया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि दुर्घटनाग्रस्त कार में कितने लोग सवार थे। साथ ही हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार अचानक अनियंत्रित हुई और सड़क से नीचे लुढ़कते हुए सीधे अलकनंदा नदी में गिर गई। प्रशासन ने बताया कि राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी है। वाहन और उसमें सवार लोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी बचाव कार्य पूर्ण होने के बाद ही सामने आ पायेगी।





































