नैनीताल
बेलुवाखान के पास सड़क के समीप रखा बोल्डर पहाड़ी से लुढ़क कर मकान में टकराया, परिवार बाल-बाल बचा
सीएन, ज्योलीकोट। नैनीताल के निकटवर्ती ज्योलीकोट- नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग में बेलुवाखान के पास सड़क किनारे से गिरा बड़ा पत्थर पहाड़ी से लुढ़क कर दो सौ मीटर से ज्यादा नीचे श्रीनगर में तैनात सीआरपीएफ जवान प्रेम साह के मकान की खिड़की को तोड़ता हुआ आवास के भीतर जा गिरा। संयोगवश भीतर मौजूद परिवार के तीनों सदस्य सुरक्षित बच गए। अचानक हुए इस हादसे से परिजन बेहद सहमे हुए है। उक्त पत्थर पूर्व में सड़क किनारे डंप किए गए मलवे से लुढ़क कर आने का अनुमान है। इस स्थान पर अभी भी कई बड़े बड़े पत्थर और मलवा पड़ा हुआ है बेलुवाखान निवासी प्रेम साह की पत्नी निशा साह संत एंथोनी इंटर कॉलेज में अध्यापिका है और पुत्र और पुत्री दोनों इसी विद्यालय में पढ़ते है। निशा ने बताया कि आज प्रातः जब वह विद्यालय जाने की तैयारी में जुटे थे, इसी दौरान धमाके के साथ एक बड़ा पत्थर आवास की सुरक्षा दीवार से टकराने के बाद खिड़की को तोड़ता कमरे के भीतर आ गिरा। जिससे खिड़की, के पल्ले, खिड़की में लगे शीशे टूट कर पूरे कमरे में बिखर गए। अचानक हुए घटनाक्रम से परिजन बेहद सहमे हुए है।









































