नैनीताल
ऑरेंज अलर्ट के चलते नैनीताल में आज 9 जुलाई को सभी स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद
सीएन, नैनीताल। मौसम विभाग द्वारा आज 9 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ललित मोहन रयाल ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून के पूर्वानुमान के अनुसार जनपद में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 9 जुलाई (गुरुवार) को जनपद के कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी एवं निजी विद्यालयों तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षाधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वाले संबंधित अधिकारियों या संस्थानों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनी को गंभीरता से लें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा नदी-नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहें।






















