नैनीताल
डीएसएस पाल पब्लिक स्कूल भवाली में देश का 80 वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया
सीएन, भवाली/नैनीताल। डीएसएस पाल पब्लिक स्कूल, श्यामखेत भवाली में देश का 80 वां स्वतंत्रता दिवस बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर कंसल रहे। उन्होंने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर अपने विचार रखते हुए विद्यार्थियों को देश के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने तथा शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। वहीं विशिष्ट अतिथि एवं सरोजिनी नायडू पुरस्कार से सम्मानित खष्टी बिष्ट ने स्वतंत्रता के महत्व और उसकी मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आज की पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को समझते हुए देश और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने वर्तमान समाज की सोच और बदलते सामाजिक मूल्यों पर भी अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर विद्यालय के बच्चों ने विभिन्न देशभक्ति गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता दिवस की भावना को जीवंत कर दिया। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को देश की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया। इस अवसर पर, हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मिस्टर तिवारी जी, पालिका अध्यक्ष पंकज आर्या, पूर्व पालिका अध्यक्ष दयाल आर्य , सामाजिक कार्यकर्ता जोशी जी सभासद संजय जोशी, म्यूजिकल टीम भवाली, आलोक चौधरी की टीम, अभिभावक, समस्त विद्यालय परिवार उपस्थित था। अंत में पूर्व सांसद हाई कोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता महेंद्र सिंह पाल सभी अतिथियों का स्वागत व सभी का आभार प्रकट किया।







































