नैनीताल
व्यापार मंडल मल्लीताल नैनीताल ने सीवर लाईनों के मेनहोल से सीवर का गंदा पानी नैनी झील में जाने पर जताया रोष, आंदोलन की चेतावनी
सीएन, नैनीताल। व्यापार मंडल मल्लीताल नैनीताल ने सीवर लाईनों के मेनहोल से सीवर का गंदा पानी नैनी झील में जाने पर रोष जताते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष किशन सिंह नेगी व महासचिव त्रिभुवन फर्त्याल के नेतृत्व में मंगलवार को व्यपारियों का एक शिष्टमंडल जल संस्थान नैनीताल के अधिशासी अभियंता से मिला और मांगपत्र देकर सीवर की समस्या को गंभीरता से लेकर इसका समाधान करने की मांग की। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों का कहना है कि नैनीताल के अंतरिम मार्गों का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। जिस कारण सीवर मेनहोल का ध्यान नही रखा जा रहा है। हालत यह है कि ऊंचे नीचे हुए मेनहोल से सीवर का गंदा पानी रिसाव होकर नैनी झील में समा रहा है। शिष्टमंडल ने कहा कि झील का जल पेयजल के रूप में इस्तेमाल किया जाता है। इस दूषित जल के उपयोग से नागरिकों के स्वास्थ्य में विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। कहा कि हाल ही में इस तरह के पेयजल से निकटवर्ती ज्योलीकोट क्षेत्र में सैकड़ों लोग गम्भीर बीमारी के शिकार हुए और तीन लोगों की मौत हो गई। नैनीताल शहर में सीवर की समस्या विकराल होती जा रही है। नगर के अंतरिम मार्गों व मुख्य मार्गों के सीवर मेनहोल से सीवर बड़ी मात्रा में रिसाव कर नालों के माध्यम से नैनी झील में समा रहा है। इस मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट के भी स्पष्ट आदेश है कि सीवर की गंदगी पेयजल स्रोतों में जाने पर जलसंस्थान, जलनिगम व संबंधित विभाग जिम्मेदार माने जायेंगे, बावजूद इसके पेयजल महकमे मामले में गम्भीर कोताही बरत रहे हैं। शिष्टमंडल ने चेतावनी दी है कि इस विकराल होती समस्या का शीघ्रातिशीघ्र समाधान नही किया गया तो उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल आन्दोलन छेड़ देगा जिसकी सम्पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।


































