राजनीति
निकाय चुनाव : नैनीताल में अध्यक्ष पद के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में, त्रिकोणीय मुकाबले के आसार, 25484 मतदाता करेंगे मतदान
निकाय चुनाव : नैनीताल में अध्यक्ष पद के लिए 6 उम्मीदवार मैदान में त्रिकोणीय मुकाबले के आसार, 25484 मतदाता करेंगे मतदान
सीएन, नैनीताल। नगर निकाय चुनाव को लेकर नैनीताल नगर पालिका से अध्यक्ष पद के लिए छह नामांकन किये गए हैं। इस तरह नैनीताल में भाजपा, कांग्रेस व उक्रांद के बीच त्रिकोणीय मुकाबले के आसार बन गये है। वहीं नैनीताल में 15 वार्डों में सभासद पद के लिए 76 लोगों ने नामांकन किये हैं। संयुक्त मजिस्ट्रेट व रिटर्निंग ऑफिसर नगर निकाय निर्वाचन नगर पालिका नैनीताल वरुणा अग्रवाल ने बताया कि नैनीताल में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से जीवंती भट्ट, कांग्रेस की डॉ. सरस्वती खेतवाल, यूकेडी से लीला बोरा व ममता जोशी, दीपा मिश्रा व संध्या शर्मा ने निर्दलीय नामांकन किया है। इसके अलावा 76 नामांकन आये हैं। बताया कि किसी भी उम्मीदवार की ओर से नाम वापसी के लिए आवेदन पत्र प्रस्तुत नहीं किया गया। नैनीताल में इस बार पूर्व विधायक व उक्रांद नेता नारायण सिंह जंतवाल, पूर्व कांग्रेस विधायक संजीव आर्य व वर्तमान भाजपा विधायक सरिता आर्य की प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। यहां बता दें कि नैनीताल में अभी तक के चुनावों में भाजपा का खाता नही खुला है। जबकि कांग्रेस हमेशा जीत दर्ज करती रही। एक बार इस सीट पर उक्रांद का कब्जा रहा है। मालूम हो कि नगर पालिका नैनीताल में 15 वार्ड 20 मतदान केन्द्र तथा 32 मतदान स्थलों में 25484 मतदाता है। जनपद नगर निकाय चुनाव हेतु जनपद में कुल 125 वार्ड, 164 मतदान केन्द्र व 385 मतदेय स्थलों में कुल 332441 मतदाताओं की संख्या है। नगर निगम हल्द्वानीकाठगोदाम में कुल 60 वार्ड, 96 मतदान केन्द्र व 278 मतदान स्थलों में कुल 241247 मतदाताओं की संख्या है। इसी प्रकार नगर पालिका नैनीताल में 15 वार्ड, 20 मतदान केन्द्र तथा 32 मतदान स्थलों में 25484 मतदाताओं की संख्या है। नगर पालिका परिषद रामनगर में 20 वार्ड, 20 मतदान केन्द्र एवं 40 मतदान स्थलों मेंं 35480 मतदाता है। नगर पालिका भवाली में 7 वार्ड, 7 मतदान केन्द्र तथा 7 मतदान स्थलों में कुल 35480 मतदाता है। नगर पालिका भीमताल में 9 वार्ड, 8 मतदान केन्द्र तथा 10 मतदान स्थलों में कुल 10000 मतदाताओं की संख्या है। नगर पालिका कालाढूगी में 7 वार्ड, 6 मतदान केन्द्र, 10 मतदेय स्थलों में कुल 8633 मतदाता है तथा नगर पंचायत लालकुआं मे 7 वार्ड, 7 मतदान केन्द्र तथा 8 मतदान स्थलों में कुल 5631 मतदाताओं संख्या है।
