मौसम
मौसम विभाग ने 21 अगस्त को नैनीताल सहित 5 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट किया जारी, नैनी झील से जल निकासी जारी
सीएन, देहरादून/नैनीताल। उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने आज शुक्रवार, 21 अगस्त को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए ऊधम सिंह नगर जिले में 21 अगस्त को सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने के आदेश जारी किये हैं। प्रदेश में पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ से लेकर मैदान तक जनजीवन प्रभावित है। कई स्थानों पर सड़कें प्रभावित होने के साथ ही भूस्खलन और जलभराव का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग ने 21 अगस्त को टिहरी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, देहरादून और नैनीताल में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तराखंड में बारिश का दौर 24 अगस्त तक जारी रहने की संभावना है। अगले कुछ दिन प्रदेश के लिए मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रह सकते हैं। इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। पहाड़ी इलाकों में लगातार बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है, ऐसे में अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है। वहीं, भारी बारिश के कारण नदियों का जलस्तर बढ़ने से मैदानी क्षेत्रों में बाढ़ का खतरा भी पैदा हो सकता है। लोगों को नदी और बरसाती नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। इधर लगातार बारिश के चलते नैनीताल में झील का जलस्तर 87 इंच पहुंच गया है। नैनी झील नियंत्रण केन्द्र के प्रभारी रमेश सिंह गैड़ा ने.बताया कि झील के जलस्तर मानकों के अनुसार झील के दोंनों निकासी गेटों से 6-6 इंच पानी की निकासी की जा रही है।











































