मौसम
आज नैनीताल व यूएस नगर में ओलावृष्टि, शेष स्थानों में हल्की व मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना
सीएन, नैनीताल/देहरादून। पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से एक बार फिर बारिश की उम्मीद बंधी है। मौसम विभाग ने चार व पांच फरवरी को उत्तराखंड के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना जताई है। ढाई हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर हिमपात हो सकता है। अल्मोड़ा, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों के अधिकांश स्थानों पर बुधवार दोपहर बाद हल्के बादल छाने की संभावना है। मौसम में बदलाव के बाद ठंड एक बार फिर बढ़ सकती है। मौसम में बदलाव के साथ कुछ जगह ओलावृष्टि भी हो सकती है। विशेषकर नैनीताल व ऊधमसिंहनगर जिलों में गुरुवार व शुक्रवार को कहीं कहीं पर ओलावृष्टि होने या आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। मुख्य कृषि अधिकारी डा. धनपत कुमार का कहना है कि किसानों को ओलावृष्टि से फसलों को बचाव के उपाय करने चाहिए। मौसम विभाग के मुताबिक हल्द्वानी में सबसे सर्द महीना जनवरी कहता है। जनवरी में न्यूनतम औसत तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम 20.3 डिग्री सेल्सियस रहता है। फरवरी का औसत न्यूनतम तापमान दो डिग्री बढ़कर 7.4 डिग्री व अधिकतम 23.8 डिग्री पहुंच जाता है। पिछले दस वर्षों में 2018 व 2012 की फरवरी सर्वाधिक सर्द रही थी। 2018 में दस फरवरी व 2012 में नौ फरवरी को 0.1 डिग्री तापमान रहा था। आल टाइम रिकार्ड की बात करें तो 13 फरवरी 2018 सर्वाधिक ठंड रही। तब तापमान माइनस 0.6 डिग्री पहुंचा था।








































