दुर्घटना
आखिर जिसका डर था वही हुआ, नैनीताल कृष्णापुर-सिपाहीधारा मार्ग में विशालकाय बोल्डर गिरा, वाहन क्षतिग्रस्त, अब बस्ती को खतरा
सीएन, नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के भूस्खलन प्रभावित बलियानाला से सटे कृष्णापुर सिपाहीधारा मार्ग में बरसों से खतरा बने विशालकाय शिला (बोल्डर) आखिरकार टूट कर मार्ग में गिर गया। कई बार प्रशासन से सुरक्षा की मांग करने के बावजूद कोई कार्रवाई नही की गई। आखिर जिसका डर था वही हुआ। नैनीताल कृष्णापुर सिपाहीधारा मार्ग में खतरा बना विशालकाय बोल्डर टूट कर गिर गया। गनीमत रही कि उस वक्त बोल्डर के ठीक नीचे से गुजरने.वाले मार्ग में लोगों की आवाजाही नही रही वरना कोई भी हताहत हो सकता था। बोल्डर की चपेट में आकर एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गया हैं। मालूम हो कि कई वर्ष पूर्व इस विशालकाय बोल्डर में दरारें आ गई थी। जिसे सिंचाई विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर लोहे की जाली से रोका गया था। लेकिन आज आखिरकार बोल्डर दरक गया। इससे छिटके एक बड़े टुकड़े से एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। बोल्डर के ठीक नीचे बसी बस्ती को खतरा पैदा हो गया है। सोमवार की सांय हुई इस घटना के बाद कृष्णापु व सिपाहीधारा के लोग दहशत में आ गये हैं। सूचना मिलने के बाद तल्लीताल थाना के एसओ मनोज नयाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। लेकिन संबंधित विभाग के अधिकारी व प्रशासन के लोग मौके पर नही पहुंचे। कृष्णापुर निवासी व नगरपालिका के पूर्व उपाध्यक्ष डीएन भट्ट ने बताया कि लम्बे समय से बोल्डर खतरा बना हुआ था। सिंचाई विभाग, लोनिवि व प्रशासन से कई बार मांग किये जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नही की गई। इस संबंध में वह कई बार जिलाधिकारियों को लिखित शिकायत भी दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। संबंधित सिचाई विभाग एक्सपर्ट बुलाने के नाम पर क्षेत्र के लोगों को पिछले छह साल से कोरे आश्वासन दे रहा है। संबंधित विभाग व प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि कोई बड़ी जन-धन की हानि हुई तो इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।


































