दुर्घटना
मोमोज की दुकान में भीषण आग, पास के रेस्टोरेंट तक पहुंची लपटें, डेढ़ घंटे बाद पाया गया काबू
सीएन, नैनीताल। पर्यटन नगरी नैनीताल के मल्लीताल भोटिया मार्केट के समीप व्यस्त इलाके में स्थित तमांग मोमोज में शुक्रवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि बगल में स्थित फूड्स की दुकान के एक हिस्से को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद आसपास अफरा-तफरी मच गई और लोगों ने तत्काल इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण गैस सिलेंडर फटना माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आग की तीव्रता में आने से रेस्टोरेंट में रखा फर्नीचर, रसोई का सामान, बिजली के उपकरण और अन्य सामग्री जलकर खाक हो गई। आग की तीव्रता के कारण दोनों भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। गनीमत रही कि घटना के समय सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। अग्निशमन विभाग द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।


























