Connect with us

नैनीताल

आजादी के दशकों बाद भी फगुनिया खेत सड़क से महरूम, ग्रामीणों ने दी 2027 चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

सीएन, बजून-फगुनिया खेत (नैनीताल)। न्याय पंचायत खुर्पाताल के अंतर्गत ग्राम सभा बजून-फगुनिया खेत के फगुनिया खेत में महिला समूह की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में समस्त ग्रामवासी भारी संख्या में मौजूद रहे। बैठक का मुख्य मुद्दा क्षेत्र की बुनियादी और सबसे गंभीर समस्या सड़क मार्ग का ना होना रहा। ग्रामीणों ने रोष जताते हुए कहा कि यदि क्षेत्र को मुख्य मार्ग से नहीं जोड़ा गया, तो वे आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव का पूर्ण बहिष्कार करेंगे। ग्रामीणों ने बैठक में अपनी समस्या रखते हुए कहा कि फगुनियाखेत की सड़क जो कि मात्र 3 किलोमीटर है इस सड़क के आजादी के इतने सालों बाद भी स्वीकृत न होने से उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सबसे विडंबनापूर्ण स्थिति यह है कि उत्तराखंड राज्य का प्रमुख जिला नैनीताल, जहां प्रदेश का उच्च न्यायालय (हाईकोर्ट) स्थित है, वहां से ग्राम सभा क्षेत्र की दूरी मात्र 11 किलोमीटर है और इस गांव में आज भी स्वास्थ्य आपातकाल (मेडिकल इमरजेंसी) होने पर बीमार व्यक्ति या गर्भवती महिला को डोली में बैठाकर पैदल मुख्य मार्ग तक पहुंचाना पड़ता है। इस दौरान कई बार मरीजों की जान पर बन आती है। नेताओं और स्थानीय विधायक के खिलाफ भारी आक्रोश
बैठक में ग्रामीणों का गुस्सा स्थानीय राजनेताओं और जनप्रतिनिधियों पर जमकर फूटा। ग्रामीणों का आरोप है कि नेता सिर्फ चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं और जीतने के बाद क्षेत्र की सुध तक लेते। ग्रामीणों ने तीखे शब्दों में कहा कि वर्तमान क्षेत्रीय विधायक सरिता आर्या आज तक क्षेत्र के विकास के लिए कभी इस गांव में नहीं आईं। इस उपेक्षा से तंग आकर समस्त ग्रामीणों ने एक सुर में फैसला लिया है कि “सड़क नहीं तो वोट नहीं”। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद भाजपा नेता हेम आर्य ने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उन्हें आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार निरंतर जनहित के कार्यों के लिए समर्पित है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि फगुनिया खेत के विकास और सड़क मार्ग की मांग को वे प्रमुखता से शासन-प्रशासन के समक्ष रखेंगे ताकि ग्रामीणों को जल्द राहत मिल सके।
इस बैठक में मुख्य वक्ता श्री हेम आर्य के साथ ग्रामीण मोर्चा महामंत्री ( ओबीसी) गौरव गोस्वामी श्रीमती जानकी कोटलिया, आई.पी.आर.पी. श्रीमती अनीता, प्रधान प्रतिनिधि श्री नंदन सिंह, श्री भूपाल सिंह, नीमा कनवाल, किशन भट्ट, हरीश सिंह, शंकर सिंह, कमला देवी, हिमानी, हेमा, बबीता, कमला देवी, भवानी देवी, लता देवी, किरण देवी समेत समस्त ग्रामवासी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

More in नैनीताल

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING