Connect with us

उत्तराखण्ड

क्या हो गया इस उत्तराखंड को? देखे गये सपनों का एकदम विलोम हो रहा

राजीव लोचन साह, नैनीताल। क्या हो गया इस उत्तराखंड को ? यह तो उत्तराखंड राज्य आन्दोलन के दौरान देखे गये सपनों का एकदम विलोम है। लगता है अगल-बगल के राज्यों के गुण्डा तत्वों ने पहाड़ के गुण्डों के साथ गठजोड़ कर समाज और जनजीवन के हर हिस्से पर कब्जा कर लिया है। सत्ता और प्रशासन में वे लोग काबिज हैं, जिनमें न तो उत्तराखंड के संस्कार हैं और न ही कोई मूल्यबोध। उनमें है पैसा कमाने की एक अन्तहीन हवस। तीस साल पहले बड़े-बड़े माॅल, निजी अस्पताल, प्राइवेट विश्वविद्यालय और एक्सप्रेसवे के बारे में कोई सोचता नहीं था। तब तो बात होती थी पहाड़ के दूरदराज के गाँवों में एक शान्त और आरामदायक जिन्दगी की। वहाँ शिक्षा, स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधायें हों, वे सड़क मार्ग से जुड़ जायें, नौजवानों को घर में या नजदीक ही सम्मानजनक रोजगार मिल जाये, महिलायें घास, पानी, लकड़ी की चिन्ता से मुक्त हों, उन्हें शराबियों का आतंक न झेलना पड़े, बाहर के धन्नासेठ प्राकृतिक सुषमासम्पन्न जमीनों पर रिजोर्ट बना कर स्थानीय ग्रामीणों के हक-हकूक न छीनें। बस ऐसे ही मुद्दों पर चर्चा तब हुआ करती थी। उन सब पर अब कोई बात नहीं करता। जगह-जगह लगे विशालकाय होर्डिंग साबित करने की कोशिश करते हैं कि समान नागरिक संहिता और नकल विरोधी कानून से उत्तराखंड स्वर्ग जैसा हो गया है। कहीं-कहीं छुटभैये नेता भी धुरंधर मुख्यमंत्री को बधाई देते दिखते हैं कि उनके नेतृत्व में प्रदेश कहाँ से कहाँ पहुँच गया है। जनता इस निखालिस झूठ से जबर्दस्त गुस्से में है। मगर उसका गुस्सा निर्वीर्य है। वह कहीं आन्दोलन भी करती है तो वह एक कोने में सिमट कर रह जाता है। अखबार के पन्नों तक वह पहुँच भी नहीं पाता। वह गुस्सा एक जगह एकत्र होकर 1994 के विराट आन्दोलन का आकार नहीं ले पाता। पढ़े-लिखे नौजवानों का असंतोष बस सोशल मीडिया में ही मुखर हो पाता है। मगर कभी फिर ज्वालामुखी फूटेगा। ऐसा गुस्सा बगैर अभिव्यक्त हुए समाप्त नहीं हो पाता। नैनीताल समाचार से साभार

More in उत्तराखण्ड

Trending News

Follow Facebook Page

About

आज के दौर में प्रौद्योगिकी का समाज और राष्ट्र के हित सदुपयोग सुनिश्चित करना भी चुनौती बन रहा है। ‘फेक न्यूज’ को हथियार बनाकर विरोधियों की इज्ज़त, सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने के प्रयास भी हो रहे हैं। कंटेंट और फोटो-वीडियो को दुराग्रह से एडिट कर बल्क में प्रसारित कर दिए जाते हैं। हैकर्स बैंक एकाउंट और सोशल एकाउंट में सेंध लगा रहे हैं। चंद्रेक न्यूज़ इस संकल्प के साथ सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दो वर्ष पूर्व उतरा है कि बिना किसी दुराग्रह के लोगों तक सटीक जानकारी और समाचार आदि संप्रेषित किए जाएं।समाज और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए हम उद्देश्य की ओर आगे बढ़ सकें, इसके लिए आपका प्रोत्साहन हमें और शक्ति प्रदान करेगा।

संपादक

Chandrek Bisht (Editor - Chandrek News)

संपादक: चन्द्रेक बिष्ट
बिष्ट कालोनी भूमियाधार, नैनीताल
फोन: +91 98378 06750
फोन: +91 97600 84374
ईमेल: [email protected]

BREAKING