दुर्घटना
उत्तराखंड : जंगल में लगी आग बुझाने गए फायर गार्ड की चट्टान से गिर कर मौत
सीएन, उत्तरकाशी। उत्तराखंड में जंगलों की आग एक बार फिर विकराल रूप लेती जा रही है। प्रदेश के कई हिस्सों में वन क्षेत्र धधक रहे हैं जिससे हालात गंभीर बने हुए हैं। इसी बीच उत्तरकाशी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है जहां आग बुझाने गए फायर गार्ड की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी के टौंस वन प्रभाग की पुरोला रेंज के बिणाई बीट क्षेत्र में बुधवार रात भीषण आग लग गई थी। आग की सूचना पर फारेस्ट गार्ड मोहन सिंह मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इसी दौरान कार्य के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और वह चट्टान से नीचे गिर पड़े। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और स्थानीय टीमें मौके पर पहुंचीं। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।वनाग्नि की बढ़ती घटनाओं ने स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

































