दुर्घटना
उत्तराखंड : 10 लोगों से भरी पिकअप खाई में गिरी, 8 लोगों की मौत, दो घायल
सीएन, टिहरी। उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल में 10 लोगों से भरी पिकअप खाई में गिरी गई, जिसमें 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि. दो लोग घायल हो गए। इसकी पुष्टि टिहरी की डीएम नितिका खंडेलवाल ने की है। हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग हरिद्वार में एक परिजन के अंत्येष्टि कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। लौटते समय अचानक उनका वाहन बेकाबू हुआ और 984 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें तुरंत मौके के लिए रवाना हुईं। दुर्गम इलाके के बावजूद राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया और घायलों को खाई से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया। सीएम धामी ने एक्स पर पोस्ट कर इस घटना को दुखद बताया है, उन्होंने लिखा-जिला प्रशासन को घायलों के उचित उपचार हेतु निर्देश दिए हैं। बाबा केदार से घायलों के स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं। हादसा आज शाम करीब 4:15 बजे हुआ है, जब पिकअप वाहन चंबा-कोटी सड़क पर नैल के पास पहुंचा। इसी दौरान वाहन (यूके 09 टीए 1799) अचानक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरा। घायल हुए दो लोगों की पहचान अंकित(35) और उत्तम कुमार (30) के रूप में हुई है। उन्हें गंभीर हालत में खाई से निकालकर जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतकों की अभी पहचान नहीं हो सकी है। उपजिलाधिकारी अलकेश नौटियाल ने बताया कि ये सभी लोग सुबह करीब 6 बजे घर से निकले थे। वाहन में ड्राइवर सहित कुल 11 लोग सवार थे। हरिद्वार से वापसी के दौरान करीब 3 बजे इन लोगों ने रास्ते में खाना खाया। इसके बाद नैल गांव के पास अचानक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि सभी लोग घनसाली क्षेत्र के महल जामी पट्टी और आसपास के गांवों के रहने वाले हैं। एक घायल के हाथ में फ्रैक्चर है, जबकि दूसरा घायल अभी उपचाराधीन है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद हैं।








































