राष्ट्रीय
वरिष्ठ साहित्यकार व पत्रकार पद्मश्री कैलाश चन्द्र पंत का निधन, शोक
सीएन, नैनीताल/भोपाल। भोपाल मध्य प्रदेश से आज एक दुखद समाचार सामने आया है। उत्तराखंड मूल के एवं मध्य प्रदेश में जन्मे एवं हिंदी मातृभाषा के सम्मान में अपना जीवन सर्वस्व करने वाले वरिष्ठ साहित्यकार एवं पत्रकार पद्मश्री कैलाश चंद्र पंत का आज सवेरे भोपाल में 90 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वह बीते कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। आज प्रातः हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया। वह अपने पीछे 3 विवाहित पुत्रियों सहित भरा पूरा परिवार को छोड़ कर गए हैं। उनकी पत्नी का भी अभी कुछ वर्ष पूर्व निधन हो गया था। उनके निधन के समाचार से परिवारजनों सहित शुभचिंतकों एवं साहित्यप्रेमियों एवं पत्रकारों में शोक की लहर फ़ैल गयी। उनका अंतिम संस्कार कल एक अगस्त को भोपाल में होगा। वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार कैलाश चंद्र पंत को साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में पद्मश्री 2026 के लिए चुना गया । उन्हें यह सम्मान हिंदी भाषा, पत्रकारिता और शैक्षणिक कार्यों में उनके दशकों लंबे योगदान की बड़ी मान्यता के रूप में दिया गया था। कैलाश चंद्र पंत की जीवन-यात्रा हिंदी भाषा और संस्कृति के प्रति समर्पण की एक मिसाल मानी जाएगी। उन्होंने सरकारी सेवा छोड़कर अपना पूरा जीवन हिंदी साहित्य, पत्रकारिता और शिक्षा को समर्पित कर दिया। बाद में वे हिंदी भाषा के एक सम्मानित और प्रभावशाली नाम के रूप में उभरे।


























