मौसम
सोमवार को नैनीताल सहित पहाड़ी जिलों में सुबह से तेज बारिश जारी, सैलानियों में अफरातफरी, काश्तकार निराश
सीएन, देहरादून/नैनीताल। बीते दिनों से प्री मानसून की बारिश से उत्तराखंड में मौसम बिल्कुल पूरी तरह से बदल चुका है। बारिश का दौर जारी है। सोमवार को नैनीताल सहित पहाड़ी जिलों में सुबह से तेज बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद पिथौरागढ़ जिले में स्कूलों में आज सोमवार को अवकाश घोषित किया गया है। आलम यह है कि सरकार को केदारनाथ यात्रा रोकनी पड़ी है। जगह-जगह बारिश और आंधी-तूफान का सबब बना हुआ है। बागेश्वर में सोमवार सुबह से बारिश हो रही है। वहीं नैनीताल के रामगढ़, धारी, नथुवाखान में बारिश और ओलावृष्टि से फलों को भारी नुकसान हुआ है। इसके अलावा पिथौरागढ़ में भारी बारिश का अलर्ट देखते हुए सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। डीएम ने स्कूल बंद रखने के आदेश दिए हैं। अल्मोड़ा जिले में देर रात से ही झमाझम बारिश जारी है। लगातार हो रही बारिश से जंगलों की आग बुझ गई है. साथ ही पेयजल संकट भी कम हो गया है। चकराता जिले के गांवों में आंधी-तूफान के चलते कई जगहों पर लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं, जिसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो गई है। छावनी बाजार में पानी आपूर्ति भी प्रभावित है। उत्तराखंड में मौसम विभाग ने 1 जून से लेकर 4 जून तक के लिए बारिश, आंधी और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है। आईएमडी के मुताबिक नैनीताल, देहरादून, पिथौरागढ़, हरिद्वार, चमोली, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवा के झोंके चल सकते हैं। वहीं, 1 जून को देहरादून में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहेगा। नैनीताल में अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहेगा। गर्मी और लू के थपेड़ों से जूझ रहे उत्तराखंड में पिछले कई दिनों से मौसम सुहाना बना हुआ है। जून महीने की शुरुआत भीषण गर्मी के बजाय कड़ाके की ठंडक, मूसलाधार बारिश और भारी बर्फबारी के साथ हुई है. ऐसे में वीकेंड पर यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे हैं, जिससे शहर में जगह-जगह जाम लग रहा है। वहीं, इस बीच, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, राज्य के मौसम का मिजाज अगले कुछ दिनों तक ऐसा ही बना रहने वाला है। सोमवार को नैनीताल में सुबह से ही बारिश का दौर जारी है. तेज बारिश के चलते शहर के नाले ऊफान पर है। सड़कों में सुनसान हैं घूम रहे सैलानियों में अफरातफरी मची है।






































