अंतरराष्ट्रीय
अमेरिका ने पाक को ईरान के साथ संघर्ष विराम कराने का बड़ा इनाम दिया, पाकिस्तान में 2.4 बिलियन डॉलर का निवेश करेगा
सीएन, वॉशिंगटन। अमेरिका ने पाकिस्तान को ईरान के साथ संघर्ष विराम कराने का बड़ा इनाम दिया है। दरअसल, ट्रंप प्रशासन ने ऐलान किया है कि वह पाकिस्तान में 2.4 बिलियन डॉलर का निवेश करेगा। यह निवेश एक अमेरिकी कंपनी सिक्योरिपोर्ट के जरिए किया जाएगा। इस निवेश प्रस्ताव के तहत सिक्योरिपोर्ट कंपनी पाकिस्तान के प्रमुख हवाई अड्डों पर उन्नत सुरक्षा, बायोमेट्रिक ई-गेट और यात्री स्क्रीनिंग सिस्टम लगाएगी। इससे पाकिस्तानी हवाई अड्डों की सुरक्षा मजबूत होगी और दुनिया का विश्वास भी बढ़ेगा। अमेरिकी कंपनी के निवेश प्रस्ताव का उद्देश्य पाकिस्तानी हवाई अड्डों की सुरक्षा को बढ़ाना, सीमा पार से आने वाले खतरों का पता लगाना, और अडवांस पैसेंजर इन्फॉर्मेशन, पैसेंजर नेम रिकॉर्ड तकनीक का उपयोग करके उच्च जोखिम वाले यात्रियों की पहचान करना है। पाकिस्तान अभी तक पूरी दुनिया में खराब सुरक्षा हालात को लेकर बदनाम है। इस कारण विदेशी नागरिक, खासकर पश्चिमी देशों के, पाकिस्तान की यात्रा करने उनके विमानों में सवार होने से बचते हैं। अमेरिकी कंपनी पूरा शुरुआती निवेश करेगी और 25 वर्षों की अवधि में यात्रियों पर लगाए जाने वाले सिक्योरिटी सरचार्ज के जरिए से अपनी लागत वसूल करेगी। रिपोर्टों के अनुसार, सभी बायोमेट्रिक और यात्रा डेटा का पूर्ण स्वामित्व और नियंत्रण पाकिस्तान के पास ही रहेगा। हालांकि, पाकिस्तान अमेरिका के इस प्रस्ताव की समीक्षा कर रहा है और इस पर फैसला बाद में लेगा।













































